बकाया वसूली को बिजली विभाग ने चेताया
पूर्व विधायक मुस्लिम खां 10.71 लाख बाकी
शहरी क्षेत्र में बिजली विभाग के कुल 34059 उपभोक्ता हैं। इन पर विभाग का करीब 39 करोड़ बकाया है। शासन स्तर से बकाया वसूली को लेकर सख्ती के चलते बिजली विभाग अभियान चला रहा है। शुक्रवार को शहरी इलाके से जुड़े 35 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर बकाया अदा करने के लिए एक महीने का वक्त दिया गया है। यह भी चेतावनी दी गई है कि बकाया अदा न करने पर कुर्की की कार्रवाई होगी। जिन लोगों को नोटिस दिए गए हैं उनमें बसपा के पूर्व विधायक मुस्लिम खां भी शामिल हैं। बरेली रोड स्थित पूर्व विधायक के एक केला प्लांट पर बिजली विभाग का 10.71 लाख रुपया बाकी है। बता दें कि पिछले महीने बिजली विभाग ने पराग दुग्ध प्लांट के लिए नोटिस जारी किया था। 22 दिसंबर के बाद पराग दुग्ध प्लांट के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई होनी है। एसडीओ सिटी, छैलबिहारी ने कहा कि पूर्व विधायक मुस्लिम खां समेत 35 बड़े उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किया गया है। अगर यह लोग एक महीने के भीतर बकाया अदा नहीं करेंगे तो विभाग सभी के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई करेगा।