उसावां थाना क्षेत्र में गौंतरा गांव के पास हुआ हादसा
खाईं में पड़ा मिला शव और बाइक, परिवार में कोहराम
हजरतपुर-बदायूं रोड पर उसावां थाने के गांव गौंतरा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार खाद व्यापारी की मौत हो गई। व्यापारी का शव और क्षतिग्रस्त बाइक खाई में पड़ी मिली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। व्यापारी के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
हजरतपुर निवासी अनिल कुमार सक्सेना उर्फ मिंटू (40) पुत्र जुगेंद्र स्वरूप सक्सेना खाद के बड़े व्यापारी थे। गुरुवार को वह बाइक से बदायूं आने के लिए निकले थे। रास्ते में उसावां थाना क्षेत्र में गौंतरा गांव के पास उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। इससे वह मय बाइक खाईं में जा गिरे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल व्यापारी को अस्पताल भेजा। यहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। शिनाख्त के बाद व्यापारी के परिवार वालों को खबर दी गई। परिवार के लोग भी पहुंच गए। मृतक व्यापारी के भाई विनोद सक्सेना ने बताया कि कानूनी औपचारिकताएं और अंतिम संस्कार के बाद वह रिपोर्ट दर्ज कराने को थाने में तहरीर देंगे। मृतक व्यापारी के दो बच्चे हैं। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।