ठेले पर छूटा पर्स गायब करने के आरोप में वकील और उनके साथियों ने फल विक्रेता को पकड़कर सिविल लाइंस पुलिस के सुपुर्द कर दिया। उनका कहना था कि आरोपी युवक ने पर्स गायब कर अपने साथी को दे दिया है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के लखनपुर निवासी राधेश्याम एडवोकेट है। शनिवार दोपहर वह शहर से निजी काम निपटाकर कार से घर लौट रहे थे। रास्ते में दातागंज तिराहा पर कार रोड किनारे खड़ी कर वह फल लेने चले गए। राधेश्याम के मुताबिक फल विक्रेता को रुपये देने के बाद वह अपना पर्स ठेले पर भूल गए। कुछ देर बाद वह लौटे तो पर्स गायब था। पर्स की जानकारी को लेकर उनकी फल विक्रेता से कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते राधेश्याम के साथी पहुंचे और फल विक्रेता को सिविल लाइंस थाने के सुपुर्द कर दिया। राधेश्याम ने बताया कि पर्स में हजारों का कैश, पेन कार्ड, एटीएम कार्ड आदि जरूरी दस्तावेज थे। राधेश्याम ने फल विक्रेता के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।