बदायूं रोड पर प्राइवेट बस की टक्कर से घायल बाइक दो युवकों में से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक कासगंज जिले में सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव कादरबाड़ी निवासी विनीत कुमार था।
हादसा शनिवार अपराह्न में बदायूं रोड पर जिरौलिया मोड़ के पास हुआ था। प्राइवेट बस की टक्कर से घायल बाइक सवार कासगंज में कादरबाड़ी निवासी विनीत कुमार (28) पुत्र अमरसिंह और उसका दोस्त 30 वर्षीय विक्रम सिंह घायल हो गया था। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान विनीत की देर रात मौत हो गई। सूचना के बाद उसके घरवाले भी मौके पर पहुंचे गए थे। मृतक के बारे में उसके साढू भाकियू के ब्लाक अध्यक्ष सोमवीर सिंह ने बताया कि दुर्घटना में बस चालक की लापरवाही उजागर हुई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इधर, रविवार सुबह में बरेली-मथुरा हाईवे पर कछला कस्बे में टैंकर और पिकअप की भिड़ंत हो गई। पिकअप सवार कासगंज जिले में गंजडुडवारा थाना क्षेत्र के गांव महमूदपुर निवासी अजनेश (28) पुत्र रामबाबू और कल्यान सिंह (22) पुत्र राजवीर यादव घायल हो गए। पिकअप का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया। कछला चौकी पुलिस ने टैंकर कब्जे में लेकर चालक को दबोच लिया है। घायलों की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।