शराब के खिलाफ सड़कों पर
आधी आबादी, उग्र प्रदर्शन
-शहर, बिसौली और बिल्सी में महिलाएं सड़कों पर आईं
-शहर की टिकटगंज स्थित शराब की दुकान में तोड़फोड़
शराब बंदी को लेकर उठी महिलाओं की आवाज अब आंदोलन का रूप लेने लगी है। शराब के खिलाफ आधी आबादी सड़कों पर उतर कर शराब की दुकानों के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। गुरुवार को शहर में टिकटगंज स्थित शराब की दुकान में महिलाओं ने तोड़फोड़ कर दी। बिसौली के गांव परसिया में शराब की दुकान को घेर कर इसके दरवाजों पर गोबर थोप दिया। अधिकारियों ने किसी तरह से मामले को शांत किया। परसिया मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। बिल्सी के गांव सिद्धपुर चित्रसेन में महिलाओं ने स्कूल के पास से शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
टिकटगंज में शराब की दुकान में घुसकर तोड़फोड़
बदायूं। शहर के मोहल्ला टिकटगंज में शराब की दुकाने हटाने की स्थानीय लोग काफी समय से मांग कर रहे हैं। जिले में शराब बंदी और शराब की दुकानें हटाने को लेकर शुरू हुए महिलाओं के आंदोलन की चिंगारी गुरुवार को टिकटगंज भी पहुंच गई। दर्जनों महिलाएं लाठी-डंडे और झाड़ू लेकर शराब की दुकान मेें घुस गईं। यहां उन्होंने तोड़फोड़ कर दी। शराब सेल्समैन को भी घेर लिया। खबर मिलने पर पहुंची पुलिस ने हालात पर काबू किया। महिलाओं ने शराब की दुकान हटाने के लिए दो दिन का समय दिया है।
परसिया में शराब की दुकान में गंदगी फेंकी
बिसौली। कोतवाली क्षेत्र के गांव परसिया में गुरुवार को शराब की दुकान को लेकर महिलाओं का गुस्सा फूट गया। सुबह आठ बजे ही दर्जनों महिलाओं ने दुकान का घेराव कर लिया। दुकान के दरवाजे और खिड़कियों पर गोबर थोप दिया। महिलाओं ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। दुकान खोलने पहुंचे सेल्समैन को यहां से दौड़ा दिया। खबर मिलने पर पहुंची पुलिस से भी महिलाओं की नोकझोंक हो गई। एसडीएम आरडी राम और सीओ केके सरोज भी मौके पर पहुंचे। शराब की दुकान यहां से हटवाने का भरोसा मिलने पर महिलाएं शांत हुईं। इधर, पूरे मामले में पुलिस ने शराब ठेकेदार के प्रतिनिधि की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बिल्सी में लाठी-डंडों के साथ प्रदर्शन
बिल्सी। शराब बंदी और स्कूलों के पास शराब की दुकानें बंद कराने के लिए उठी आंदोलन की चिंगारी गुरुवार को बिल्सी भी पहुंच गई। बिल्सी के गांव सिद्धपुर चित्रसेन में स्कूल के पास से शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर महिलाएं लाठी-डंडे लेकर घरों से बाहर आ गईं। यहां जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं का आरोप था कि शराब की दुकान होने से यहां शराबी अक्सर छेड़छाड़ करते हैं। मौके पर पहुंचे पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने भरोसा दिया कि दुकान को जल्द हटा लिया जाएगा। इसके बाद महिलाएं शांत हुईं।