लाइनमैन पर लापरवाही का आरोप, पुलिस को दी तहरीर
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक बालिका गंभीर रूप से झुलस गई। आनन-फानन में इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिवार वालों ने लाइनमैन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। बृहस्पतिवार को सुबह करीब साढ़े सात बजे थाना जरीफनगर के गांव बिजयगढी निवासी चंद्रकेश की आठ वर्षीय पुत्री विनीता शौच के लिए जा रही थी। गांव के ही पास बने तालाब के पास पड़े हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई और करंट लगने से तड़पने लगी। नजदीक ही पशु चरा रहे लोगों ने जब बच्ची को देखा तो आनन-फानन में बामुश्किल डंडे से उसे छुड़ाया लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस गई। घटना की सूचना बच्ची के परिवार वालों को दी गई। बालिका को तुरंत दहगवां सीएचसी में भर्ती कराया गया। बच्ची के पिता ने लाइनमैन की लापरवाही के चलते थाना जरीफनगर में उसे नामजद करते हुए तहरीर दी है। आरोप है कि थाना पुलिस ने तहरीर न लेकर वहीं दूसरी तहरीर लिखवा ली। बताते चले कि गांव में नई विद्युत लाइन खींची गई थी लेकिन गांव की लाइन को सुचारू नहीं किया गया। कुछ दिनों पहले ही लाइन को जोड़ दिया पर जमीन पर पड़े तार को हटाना मुनासिब नहीं समझा गया और यह हादसा हो गया। बता दें कि बीते सात दिन पहले भी गांव आंतर में हाईटेंशन लाइन के टूटे पड़े तार की चपेट में आकर एक घोड़ी की मौत हो गयी, जबकि एक महिला झुलस गयी।