इलाके के ग्रामीण भी नहीं कर पाए मृतक की शिनाख्त
कोतवाली क्षेत्र के गांव गुराई के जंगल में शनिवार सुबह खंडहर में तब्दील हो चुके निजी नलकूप में अज्ञात व्यक्ति की लाश पड़ी पाई गई। इससे गांव में सनसनी फैल गई। नलकूप मालिक ने पुलिस को सूचना दी लेकिन मृतक के शव को पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
गुराई गांव में लव कुमार का निजी नलकूप पिछले दो-तीन साल से खंडहर पड़ा है। सुबह शौच को निकले गुराई के किसी व्यक्ति ने नलकूप के अंदर से दुर्गंध महसूस होने पर झांका तो अंदर लाश पड़ी थी। जानकारी होने पर आसपास खेतों पर काम रहे कई लोग भी मौके पर पहुंचे गए। नलकूप मालिक ने पुलिस को भी बुला लिया। पुलिस ने अपनी मौजूदगी में शव को बाहर निकलवाया। मृतक की उम्र करीब 55 साल है। उसके शव के पास कंबल और गंदे कपड़े भी मिले। मृतक के सिर, हाथ और पैरों में चोटों के निशान हैं। ऐसे में अनुमान है कि मृतक को मारकर डाला गया है। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने के लिए गुराई, बदरपुर, अल्लापुर भोगी समेत आसपास इलाके के लोगों को बुला लिया। उन्हें शव भी दिखाया गया लेकिन कोई भी उसे पहचान नहीं पाया। ग्रामीणों में से कुछ ने पुलिस को यह जरुर बताया कि ऐसी शक्ल का व्यक्ति दो-तीन दिन पहले जंगल में घूमते देखा गया था। कोतवाल गोपीचंद्र यादव का कहना है कि नलकूप की किवाड़ें टूटी पड़ी हैं। पुलिस ने नलकूप मालिक की ओर से मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया।