मूसाझाग थाने के गांव हथिनीभूड़ में बुधवार को वारदात
मृतक के भाई ने दर्ज कराई रिपोर्ट, आरोपी को मानसिक रुप से कमजोर बताया, गिरफ्तार
थाना क्षेत्र के गांव हथिनीभूड़ में पांच सौ रुपये न देने पर बेटे ने अपने पिता की सिर में सरिया मार कर हत्या कर दी। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के बड़े भाई की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में अरोपी को मानसिक रुप से कमजोर बताया गया है। गांव के लोगों की मानें तो पिता-पुत्र में अक्सर झगड़ा होता था। बुधवार सुबह भी पांच सौ रुपये की मांग पर दोनों के बीच झड़प हो गई थी।
मूसाझाग थाने के गांव हथिनीभूड़ निवासी 45 वर्षीय इरशाद पुत्र शहजादे के घर में जरी-जरदोजी और कारचोबी का काम होता है। इरशाद का सबसे बड़ा बेटा इशहाक और परिवार के बाकी लोग भी इसी धंधे में लगे हुए हैं। बुधवार सुबह इरशाद के बेटे इशहाक ने उससे पांच सौ कुछ रुपये मांगे। न देने पर पिता-पुत्र में तकरार हो गई। बात बढ़ने पर पिता इरशाद ने इशहाक के डंडा मार दिया। इससे गुस्से में आकर इशहाक ने अपने पिता पर सरिया से हमला कर दिया। सरिया इरशाद के सिर में लगी। इससे वह गंभीर घायल हो गया। घटना के वक्त घर में इरशाद की पत्नी जहीला और दो बेटियां भी थीं। इरशाद के घायल होने पर परिवार वाले गांव में ही एक डॉक्टर के पास गए। जब तक डॉक्टर घर पर पहुंचा इरशाद दम तोड़ चुका था। घटना के बारे में मृतक के बड़े भाई शमशाद ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर इशहाक को गिरफ्तार कर लिया। उसने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल किया है। मामले में शमशाद की ओर से नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। तहरीर में इस बात का भी जिक्र किया गया है कि इशहाक मानसिक रूप से कमजोर था। उसका इलाज बरेली के मानसिक चिकित्सालय में चल रहा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
------------
वारदात के बाद घर से भागा नहीं आरोपी
मूसाझाग। पिता पर सरिया से प्रहार कर मौत के घाट उतारने के बाद भी इशहाक घर पर ही रहा। वह घर से नहीं भागा। पूछताछ के दौरान उसने अपना गुनाह भी कबूल किया। उसका कहना था कि वह पिता से अपने इलाज के लिए पांच सौ रुपये मांग रहा था। पिता ने रुपये देने से इंकार कर दिया और उसको डंडा मार दिया। इससे वह अपने गुस्से पर काबू नहीं कर सका। उसने भी पिता के सिर में सरिया मार दिया। उसे नहीं पता था कि उसके प्रहार से पिता की जान चली जाएगी।