अटैना गंगा घाट पुल के पास से दो दिन पहले लूटी गई मारुति ईको कार पुलिस ने शुक्रवार को बरामद कर ली। विनय यादव नाम के एक बदमाश को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार बदमाश ने पिछले दिनों कस्बे में लाखन नाम के किसान से हुई एक लाख रुपये की लूट भी स्वीकार की है। उसके एक अन्य फरार साथी की पुलिस तलाश कर रही है।
दो लोगों ने 23 मई को हरियाणा से गुडगांव से ईको कार को अलीगढ़ के लिए बुक किया था। कार पर चालक विक्रम सिंह था। यह कार दिल्ली पुलिस में सिपाही आकाश सिंह की है। अलीगढ़ पहुंचने के बाद बदमाशों ने विक्रम सिंह से फर्रुखाबाद के कायमगंज चलने को कहा। बुधवार तड़के दोनों बदमाशों ने उसहैत थाना क्षेत्र में अटैना पुल के पास विक्रम सिंह को कार से फेंक दिया और कार लेकर फरार हो गए। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सथरा गांव से कार बरामद कर लुटेरे विनय यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसका साथी देवेंद्र यादव भाग निकला। एसओ कमलेश सिंह ने बताया कि विनय यादव ने किसान लाखन से हुई लूट भी स्वीकार की है।