इस्लामनगर पुलिस ने छेड़छाड़ में मुकदमा दर्ज कर मेडिकल को भेजा
दोनों पक्ष एक ही बिरादरी के, फैसले को हुई थी पंचायत
इस्लामनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में 14 वर्षीय दलित किशोरी के पिता ने गांव के दो युवकों पर गैंगरेप का आरोप लगाया है। पहले पंचायत में मामला न सुलटने पर पिता पीड़ित बेटी को लेकर थाने आया। पुलिस ने छेड़छाड़ की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा है। उसका अभी मेडिकल नहीं हो सका है।
इस्लामनगर थाने की रुदायन चौकी इलाके के एक गांव की किशोरी 14 सितंबर की रात करीब आठ बजे घर से शौच के लिए निकली थी। किशोरी के पिता का आरोप है कि रास्ते में गांव के ही रूपकिशोर और ब्रजनंदन ने उसे पकड़ लिया। दोनों उसें खींच कर झाड़ियों में ले गए। वहां तमंचे के बल पर दोनों दुष्कर्म किया। बाद में दोनों युवक धमकियां देकर भाग गए। पीड़िता ने घर आकर सारी बात बताई।
दोनों पक्ष एक ही बिरादरी के होने की वजह से पहले तो गांव में फैसला कराने को पंचायत होती रही। बात नहीं बनी तो किशोरी को लेकर पिता थाने आया। पिता का आरोप है कि पुलिस ने उसकी तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज न करके मामला छेड़छाड़ की धाराओं में दर्ज कर लिया। किशोरी को 15 सितंबर को मेडिकल के लिए भेजा गया, लेकिन उसका मेडिकल भी अब तक नहीं हो सका है।
-----
मामले में तहरीर के आधार पर मारपीट और छेड़छाड़ की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोप गलत हैं, किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा तरमीम कर लिया जाएगा।
-सीपी सिंह, एसओ इस्लामनगर