तालाब में डूबकर हुई थी चारों की मौत
थाना क्षेत्र के गांव रसूला में तालाब में डूब कर मरे तीन सगे भाइयों समेत चारो बच्चों के शवों का रविवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। चारो बच्चों को परिवार वालों ने गंगा घाट पर दफन किया है। घटना के बाद गांव में गमगीन माहौल है। रविवार को गांव पहुंच कर बिल्सी के बसपा विधायक हाजी बिट्टन और समाज सेवा रिजवान कादरी ने बच्चों के परिवार वालों को सांत्वना दी।
शनिवार को मुजरिया थाने के गांव रसूला निवासी केदार का बेटा सुनील (15), सुखवीर (12), पुष्पेंद्र (10) और गंगा सहाय का बेटा पूरन (11) शनिवार को बारिश के बीच गांव के पूरब में स्थित तालाब में नहाने चले गए। यहां चारों बच्चे डूब गए। जब तक इनको निकाला गया चारो की मौत हो चुकी थी। तहसीलदार बिल्सी बालकराम यादव, सीओ सहसवान उमेश यादव ने गांव पहुंच कर परिवार वालों को सांत्वना दी थी। शनिवार रात में ही चारो बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। रविवार को चारो शव गांव पहुंचे तो माहौल गमगीन हो गया। बाद में चारो बच्चों को गंगा घाट के पास दफन कर दिया गया। तहसीलदार ने बताया कि बच्चों के परिवार वालों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से आर्थिक मदद दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।