गुरुग्राम की घटना को राज्य सरकार ने भी गंभीरता से लिया है। ऐसी घटना न हो इसके लिए पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने जिले के सभी स्कूलों के वाहन चलाने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और उनके घर के पते का सत्यापन कराएं। साथ ही बच्चे ब्ल्यू व्हेल गेम न देखें इसके लिए अभिभावकों को भी प्रेरित किया जाए। शासन के निर्देश पर एसएसपी चंद्रप्रकाश ने आज सभी सर्किल ऑफीसरों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्र के स्कूल-कॉलेजों के प्रबंधकों-प्रधानाचार्यों के साथ मीटिंग करें। स्कूलों में बच्चों के मोबाइल पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने को भी कहा है। गुरुग्राम में छात्र प्रद्युम्न की हुई हत्या की सनसनीखेज वारदात ने हर किसी को हिलाकर रख दिया है। स्कूल-कालेज में ऐेसी घटना फिर न हो इसके लिए राज्य सरकार ने भी जिला प्रशासन को निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में एसएसपी चंद्रप्रकाश ने बताया कि उन्होंने सभी सर्किल ऑफीसरों को निर्देश दिए हैं कि वह स्कूल-कॉलेज में पहुंचकर प्रधानाचार्य-प्रबंधक से मिलकर वाहन चालक के ड्राइविंग लाइसेंस और उनके घर के पते का सत्यापन कराएं। देश में कई बच्चे ब्ल्यू व्हेल गेम को देखने से मौत के आगोश में जा चुके हैं। इसलिए स्कूलों में बच्चों के मोबाइल लाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। एसएसपी ने कहा कि यह भी निर्देश दिए गए हैं कि अभिभावकों को जागरूक करने को पुलिस अधिकारी उनके साथ बैठक भी करेंगे। इसमें किसी तरह की लापरवाही होने पर संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। स्कूल-कॉलेजों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए जाएंगे। नहीं तो उस स्कूल के खिलाफ लिखा जाएगा।