वारदात में कामयाब नहीं हुए बदमाश, भाग निकले
सरौता गांव के पास सरेशाम वारदात से सनसनी फैली
बाइक सवार बदमाशों ने सराफा व्यापारियों भाइयों से सरेशाम लूट की कोशिश की, उनको निशाना बनाते हुए फायरिंग भी की। इसमें दोनों भाई बाल-बाल बचे। लूट में कामयाब न होने पर बदमाश भाग निकले। वारदात उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव सरौता के पास सोमवार को सरेशाम हुई। इससे यहां सनसनी फैल गई।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव सरौता निवासी जुगेंद्र की कछला में मेन चौराहा सहसवान रोड पर सराफा की दुकान है। सोमवार शाम रोज की तरह दुकान बंद करने के बाद जुगेंद्र अपने भाई प्रदीप के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे। इनकी बाइक सरौता गांव के पास पहुंचते ही लाल रंग की पल्सर बाइक सवार दो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। दोनों भाई मय बाइक के जमीन पर गिर गए। बदमाशों ने इनसे लूट की कोशिश की। नोट और जेवर से भरा बैग प्रदीप के पास था। बदमाश इसे लूटने में कामयाब नहीं हो सके। फायरिंग होने पर गांव के लोग आ गए। घिरने के डर से बदमाश बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। खबर मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। देर रात तक मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर नहीं दी गई थी।