एमएफ हाईवे पर बुलेरो से टकराने के बाद यात्रियों से भरी निजी बस खाई में पलट गई। हादसे में हेल्पर आर्येंद्र यादव की मौत हो गई। दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। गंभीर घायलों को पुलिस ने एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भेजा। इनमें तीन लोगों की हालत गंभीर है। हादसा संजरपुर गांव के पास हुआ। खबर मिलने पर सीओ दातागंज श्योराज सिंह और एसओ अलापुर अजीत प्रताप मौके पर पहुंच गए। गनीमत रही कि बोलरो कार में सवार कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
बदायूं से सवारियां लेकर उसहैत जा रही बस एमएफ हाईवे पर बोलेरो कार से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर सात फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे के वक्त बस में 50 यात्री सवार थे। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंच कर बचाव में जुट गए। खबर मिलने पर पुलिस भी पहुंच गए। हादसे में उसहैत थाने के गांव परवीन नगला निवासी हेल्पर आर्येंद्र यादव (20)बस के नीचे दब गया। उसकी गर्दन धड़ से अलग हो गई। हादसे में उसहैत निवासी अफसाना (40), सखानूं की शहीन (47), जोएफ (4), आसमां (45), फरान (7) अजय (12) समेत करीब दो दर्जन यात्री घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस और निजी वाहनों से घायलों को जिला अस्पताल भेजा। यहां तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
देर से पहुंची एंबुलेंस, उग्र हुए ग्रामीण
अलापुर। हादसा दोपहर 12 बजे हुआ। आस-पास के गांव वालों ने तुरंत ही एंबुलेंस 108 और 102 को खबर दे दी। इसके बावजूद एंबुलेस समय से नहीं पहुंची। इस पर ग्रामीण उग्र हो गए। घायलों की चीत्कारों के बीच ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया। पुलिस ने किसी तरह से उनको समझाया। बाद में घायलों को निजी वाहनों से जिला अस्पताल भेजना शुरू किया गया। बाद में जब एंबुलेंस पहुंची तो ग्रामीण एंबुलेंस स्टाफ पर हमलावर होने लगे। पुलिस ने बल प्रयोग कर उनको खदेड़ दिया।