किसानों का कर्जा अब तक माफ न होने के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को डीएम आवास के सामने जाम लगाकर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट ने ज्ञापन लेकर जाम खुलवाया। जाम लगाने से पहले मालवीय आवास पर हुई बैठक में भाकियू कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश में सरकार बनते ही किसानों का कर्जा माफ करने का एलान किया था लेकिन योगी सरकार बनने के इतने दिन होने के बाद भी कर्जा माफ नहीं किया जा रहा है। इससे किसान परेशान हैं। भाकियू जिलाध्यक्ष धर्मपाल सिंह ने कहा कि सरकार ने झूठे आश्वासन के अलावा किसानों को कुछ न दिया है। मंडल उपाध्यक्ष सौदान सिंह ने कहा यदि किसानों का कर्जा माफ नहीं हुआ तो भाकियू आगे भी रोड जाम करेगी और सरकार के खिलाफ जोरदार तरीके से प्रदर्शन किया जाएगा। जाम खुलवाने पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट को भाकियू नेताओं ने किसानों की स्थानीय समस्याओं के निराकरण के लिए पांच अगस्त का समय मांगा। इस मौके पर अमित पिप्पल, करन राठौर, जय लायल, राजेश कुमार, अरुण मिश्रा, अलंकार तोमर, रामाशंकर संखधार, नरेंद्र सक्सेना, सतीश साहू आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।