भाजपा नेताओं ने हिदायत
दी, बख्शा आरोपी युवक
फेसबुक पर आपत्तिजनक फोटो पोस्ट करने का मामला
देश के एक बड़े नेता के फोटो से छेड़छाड़ कर उसे फेसबुक पर पोस्ट कर दिए जाने के मामले में आरोपी युवक को शुक्रवार शाम पुलिस ने तलब कर लिया। उसने भाजपा नेताओं की मौजूदगी में गलती स्वीकार करते हुए माफी मांग ली। उसे इस हिदायत पर बख्शा गया कि आगे वह ऐसी कोई गलती नहीं करेगा।
भाजपा नगर कमेटी के पदाधिकारियों ने शुक्रवार दोपहर में मामला उठाते हुए कोतवाली पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक गोपीचंद्र यादव से आपत्तिजनक फोटो पोस्ट करने वाले युवक का नाम और पता बताकर कार्रवाई के लिए आवाज उठाई थी। देर शाम पुलिस ने उसे अहीरटोला मोहल्ले में खंगाल लिया। बताते हैं कि इससे पहले आरोपी भाजपा के कई नेताओं के पास पहुंचा। उनके पास जाकर उसने खुद की गलती स्वीकार कर ली। आरोपी ने हालांकि यह भी बताया कि फोटो के साथ उसने छेड़छाड़ नहीं की लेकिन फेसबुक पर लोड करके गलती कर बैठा था। उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए भाजपा नेताओं की ओर से किसी ने भी कोतवाली में तहरीर नहीं दी थी। पार्टी के नगर अध्यक्ष राहुल शंखधार ने बताया कि आरोपी ने गलती स्वीकार कर ली है। पुलिस की ओर से भी उसे फिर से गलती नहीं दोहराने की हिदायत दे दी गई है। प्रभारी निरीक्षक बोले- युवक के माफी मांग लेने की वजह से दूसरे पक्ष को कोई शिकायत नहीं है। कार्रवाई के लिए तहरीर मिलती तो वह नामजद रिपोर्ट भी दर्ज कर लेते।