बाइक सवार पांच बदमाशों ने सरेराह दो युवकों से बाइक लूटने की कोशिश की। शोर-शराबा होने पर खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने घेराबंदी करके चार को दबोच लिया। इनकी जमकर धुनाई की और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। कादरचौक थाने के गांव सकरी निवासी सनी और रोहताश बाइक से बदायूं की ओर आ रहे थे। शुक्रवार अपराह्ल करीब तीन बजे सकरी पुलिया के पास दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने इनको रोक लिया। दो बदमाशों ने तमंचे निकाल लिए और उनकी बाइक अपने कब्जे में ले ली। बदमाश बाइक लेकर जा रहे थे, तभी सनी और रोहताश ने शोर मचा दिया। खेतों में काम कर रहे किसानों ने बदमाशों की घेराबंदी कर ली। चार बदमाशों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। एक भाग निकला। बदमाशों को पिटाई के बाद ग्रामीणों ने पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। देर शाम तक मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था। पुलिस पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ कर रही थी।