डीजीसी साधना शर्मा हत्याकांड में आरोपी और गैंगस्टर मामले में वांछित चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी सुपारी किलर यासीन उर्फ बाबा को कादरचौक पुलिस ने शनिवार को असरासी गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। यासीन उर्फ बाबा के पास से पुलिस को 315 बोर का तमंचा और दो जीवित कारतूस मिले हैं। उसे जेल भेज दिया गया है। उझानी निवासी डीजीसी क्रिमिनल साधना शर्मा की 23 मई 2016 को उस समय इनोवा गाड़ी से टक्कर मारकर हत्या कर दी गई थी जब वह अपने नौकर के साथ स्कूटी से उझानी जा रही थीं। मामले की विवेचना के दौरान पीसी शर्मा, यासीन उर्फ बाबा, मोहम्मद उर्फ साजिद, मस्ताना आदि के नाम प्रकाश में आए थे। आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया था। बाद में इनको हाईकोर्ट से जमानत मिल गई। पीसी शर्मा, यासीन उर्फ बाबा, मोहब्बत उर्फ साजिद के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। गैंगस्टर मामले में जांच कादरचौक पुलिस कर रही है। आरोपी फरार चल रहे हैं। यासीन उर्फ बाबा पर पुलिस ने पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। शनिवार को एसओ कादरचौक अश्वनी कुमार ने मुखबिर की सूचना के आधार पर यासीन उर्फ बाबा को क्षेत्र के गांव असरासी के पास से गिरफ्तार कर लिया।