लूटपाट और जान से मारने की नीयत से आए दो दर्जन हथियारबंद लोगों को पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से खदेड़ दिया। मौके से पुलिस ने दो युवकों को दो ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक बाइक समेत हिरासत में लिया है। तीन लोगों को नामजद करते हुए दो दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव ककरौआ में कुंवरपाल यादव के मकान पर मंगलवार की रात दो दर्जन सशस्त्र लोगों ने धावा बोल दिया। हमलावरों ने मकान की दीवार गिराकर टीन की चादरों समेत घर का सामान ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरने लगे। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से हमलावरों को खदेड़ दिया। पुलिस ने भाग रहे सोनू और मोनू नाम के दो युवकों को हिरासत में ले लिया। सामान से लदे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ले ली।
पकड़े गए युवकों ने बताया कि कुंवरपाल उनके परिवार के ही हैं। गांव से वह अपना सामान लेने आए थे। सुरक्षा के लिहाज से कुछ लोगों को साथ लाए थे। इसकी सूचना उन्होंने हजरतपुर थाने में भी दी थी। इधर, दातागंज पुलिस ने कुंवरपाल की तहरीर पर सोनू-मोनू और इनके पिता ओमकार सिंह को नामजद करते हुए दो दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।