अनेजा ग्रुप के शराब सेल्स कर्मियों ने मंगलवार को कोतवाली क्षेत्र के गांव सुकिटया में अवैध शराब बनाने की भट्ठी को घेर लिया। धंधेबाज तो भाग गए, लेकिन उन्होंने देशी शराब और उसे बनाने के उपकरण कब्जे में ले लिए। मामला मंगलवार दोपहर का है। सुकटिया निवासी अमरसिंह की पशुशाला में अवैध शराब बनाने की धंधे भनक लगने पर अनेजा ग्रुप के शराब सेल्स कर्मियों ने घेराबंदी कर ली। उन्हें पशुशाला में तीन लोग नजर आए। अंदर घुसने पर तीनों लोग भाग गए, लेकिन शराब बनाने की भट्ठी से जुड़े उपकरण कब्जे में ले लिए। मौके पर मिली लहन का बहा दिया गया। कंपनी के एरिया मैनेजर गुड्डू पंडित ने बताया कि 10 लीटर से ज्यादा अवैध शराब भी भट्ठी पर मिली है। सेल्स कर्मियों ने बरामद शराब और उसे बनाने के उपकरण पुलिस के हवाले कर दिए हैं। सूचना के बाद पुलिस भी अमरसिंह समेत तीनों धंधेबाजों की तलाश में जुट गई है।