सहसवान (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भमरौलिया में विवाहिता की मौत के बाद पुलिस ने उसके ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। विवाहिता की मां ममता देवी निवासी ग्राम सिरसा खुर्द थाना जरीफनगर का आरोप है कि उन्होंने दो साल पूर्व अपनी बेटी रोशनी की शादी भमरौलिया निवासी रिंकू के साथ की थी। शादी में उन्होंने काफी दहेज दिया था लेकिन ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे। वे चार पहिया वाहन और पांच लाख रुपये मांग रहे थे। नहीं देने पर सोमवार सुबह करीब 11 बजे रोशनी के ऊपर केरोसिन डालकर आग लगा दी। मायके वाले रोशनी को बरेली ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। विवाहिता की मां ने पति रिंकू, जेठ राजू, सास संतोष, जेठानी पूजा, ससुर नत्थू सिंह, चचिया ससुर सत्यपाल के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को मायके वालों के हवाले कर दिया। ब्यूरो