बदायूं। एक युवक ने पड़ोस में रहने वाली बीए की छात्रा का नहाने के दौरान अश्लील वीडियो बना लिया। छात्रा के देख लेने पर आरोपी भाग गया। पीड़ित छात्रा के परिवार वालों ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दे दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली बीए की एक छात्रा शुुक्रवार सुबह करीब दस बजे अपने घर के बाथरूम में नहा रही थी। तभी पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने छात्रा का अश्लील वीडियो बना लिया। उसे वीडियो बनाते हुए छात्रा ने देख लिया। उसके शोर मचाने पर पकड़े जाने के डर से युवक भाग गया।
छात्रा के बताने पर परिवारीजन आरोपी के घर शिकायत करने गए तो युवक घर में मिल गया। उन्होंने आरोपी युवक का मोबाइल छीन लिया। छात्रा का कहना है कि आरोपी ने पांच से छह मिनट की वीडियो रिकार्डिंग की हैं। शुक्रवार शाम छात्रा के परिवार वालों ने आरोपी का मोबाइल कोतवाली में दे दिया, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। शनिवार सुबह परिवार वालों के साथ छात्रा एसएसपी कार्यालय पहुंची और सीओ सिटी वीरेंद्र सिंह यादव को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने मामले की जांच का आदेश कोतवाली पुलिस को दिया है।