उघैती। पड़ोस के गांव से लौट रहे दो ग्रामीणों से हथियारबंद बदमाशों ने लूटपाट की। दोनों को बांधकर खेत में डाल दिया। किसी तरह मुक्त होने के बाद दोनों थाने पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों की तलाश की, मगर कोई नहीं मिला। लूटपाट की घटना से क्षेत्र की जनता में दहशत है।
थाना क्षेत्र के गांव रियोनाई दलाई निवासी अवधेश कुमार पुत्र रामबाबू और गांव के ही विवेक पुत्र राजबहादुर गुरुवार की रात करीब नौ बजे बाइक से पड़ोस के गांव बरबारा में गेहूं की कटाई के लिए मजदूर देखने के लिए गए थे। लौटते समय बरबारा रियोनाई के बीच में स्थित राजकीय नलकूप के पास मोड़ पर बाइक को मोड़ते समय चार सशस्त्र बदमाशों ने बाइक में लाठी मारी, जिससे दोनों खेत में जाकर गिरे। बदमाशों ने तमंचे की बट और डंडों से पीटकर उनके पास मौजूद दो मोबाइल व 2140 रुपये लूट लिए और दोनों को खेत में बांधकर डाल दिया। दोनों किसी तरह वहां से मुक्त हुए। थाने पहुंचकर पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची। इस्पेक्टर प्रमोद कुमार का कहना है कि मामला मारपीट का लग रहा है। फिर भी पुलिस जांच कर रही है।