उझानी (बदायूं)।
मेन मार्केट में हुए सड़क हादसों में वृद्ध समेत तीन लोग घायल हो गए।
पहला हादसा रविवार शाम को अशफाक तिराहे के पास हुआ। कोतवाली क्षेत्र के गांव अचौरा निवासी विनोद की पत्नी रामाश्री अपने पांच साल के बेटे को दवा दिलाने के लिए घर से चली। तिराहे पर विपरीत दिशा से निकली स्कूटी सवार ने उसे चपेट में ले लिया। रामाश्री और उसका बेटा लहूलुहान हो गया। स्कूटी सवार युवक ने महिला को सड़क पर उठाने की बजाय उसी को झिड़कना शुरू कर दिया। यह देख आसपास के दुकानदार आ गए। उन्होंने आरोपी को समझाने की कोशिश की तो वह हंगामा करने के बाद स्कूटी लेकर भाग गया। हालांकि बाद में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दुकानदारों के कहने पर पुलिस कर्मियों ने घायल महिला और उसके बेटे का निजी चिकित्सक से इलाज कराके घर भेज दिया। इसके अलावा सोमवार सुबह कासगंज जिले की सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव हुसैनपुर निवासी 55 वर्षीय रामचंद्र अपने रिश्तेदार के साथ यहां आया। बाजार में तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। रामचंद्र बाइक में फंसकर घिसटता चला गया। उसके साथ मौजूद रामपाल ने शोर भी मचाया लेकिन बाइक सवार पकड़ में नहीं आया। रामचंद्र के सिर और पैरों में गंभीर चोट लगी है। चिकित्साधीक्षक एमबी सिंह ने बताया कि सिर में चोट अधिक होने की वजह से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।