बिसौली (बदायूं)। जिस युवक का अपहरण बताकर परिवार वालों ने ओरछी चौराहे पर जमकर हंगामा किया था और दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी, कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को उसका खुलासा कर दिया। लापता युवक अपना ट्रैक्टर गिरवी रखकर चंडीगढ़ फरार हो गया था। पुलिस ने उसे बरामद कर उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
बिल्सी थाना क्षेत्र के ग्राम सुकटिया निवासी रवि ने इस्लामनगर के मडखोड़ा निवासी सोनू से 20 हजार रुपये प्रतिमाह के हिसाब से ट्रॉली किराये पर ली थी। रवि ने छह माह तक सोनू की ट्रॉली चलाई। इस दौरान उसे कोई रुपया नहीं दिया। सोनू ने तकाजा किया तो रवि ने खुद के अपहरण का नाटक रच लिया। सात जनवरी को रवि यदु शुगर मिल गन्ना पहुंचाने आया था। सोनू ने अपने एक लाख बीस हजार रुपये मांगे थे, तो रवि अपना ट्रैक्टर ट्रॉली सोनू के गांव मडखोड़ा खड़ा कर आया और उसके बाद लापता हो गया। उसके परिवार वालों ने ट्रॉली मालिक सोनू और सोहनपाल पर बेटे के अपहरण का आरोप लगाया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की तो उन्होंने ओरछी चौराहे पर प्रदर्शन किया। बाद में एसएसपी को तहरीर देकर दोनों के खिलाफ अपहरण की झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दी। कोतवाली पुलिस लगातार रवि की तलाश में थी। छानबीन के दौरान पुलिस ने रवि और उसके परिवार वालों के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल निकलवाई, जिससे पता चला कि रवि उनके संपर्क में और चंडीगढ़ में रह रहा है। इसी आधार पर एसआई पुष्पेंद्र सिंह और अरविंद सिंह ने अपनी टीम के साथ चंडीगढ़ में दबिश दी और रवि को पकड़ लिया। ---------------------
रवि परिवार वालों की मदद से फरार हुआ था। लगातार परिवार वालों से चंडीगढ़ में रहकर बात कर रहा था। उसके घरवालों ने जान बूझकर सोनू और सोहनपाल को फंसाने के लिए झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई। रवि को बरामद कर लिया गया है। जो भी इस ड्रामे में शामिल होंगे, सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-ओपी गौतम, इंस्पेक्टर बिसौली