बदायूं। एसएसपी अशोक कुमार के निर्देशन में दातागंज तिराहे के चौड़ीकरण की कार्ययोजना तैयार हो गई है। कुछ ही दिनों में तिराहे पर कार्य शुरू हो जाएगा। सोमवार दोपहर सीओ उझानी एवं ट्रैफिक भूषण वर्मा दातागंज तिराहे पर पहुंचे। इस दौरान पीडब्ल्यूडी के जेई और अन्य विभागों के कर्मचारी भी उनके साथ थे। सीओ ने चौराहे का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने कहा कि तिराहे पर लगी प्रतिमा थोड़ी साइड से हटाई जाएगी। इधर-उधर से भी जगह को तिराहे में शामिल किया जाएगा। इससे तिराहा काफी चौड़ा हो जाएगा, जिससे वाहनों को आने-जाने में दिक्कत नहीं होगी। कार्य पूरा होने के बाद दातागंज तिराहा भी खेड़ा नवादा, पुलिस लाइन चौराहा व कचहरी तिराहे की तरह चौड़ा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्य को जल्द शुरू किया जाएगा।