लूट के शिकार युवक ने लगाई कार्रवाई की गुहार
उझानी। पिछले दिनों दिल्ली हाईवे पर चालक संतोष कश्यप को नशा देकर लूटे गए ई-रिक्शा के मामले में पीड़ित ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। संतोष कश्यप ने परिवार वालों के साथ पुलिस कार्यालय पहुंचकर एसएसपी से मिला। आरोप है कि संतोष को ई-रिक्शा लूटने से पहले दो लोगों ने पेय पदार्थ पिलाया था। उनमें से वह एक व्यक्ति को पहचान भी चुका है। मुजरिया थाना क्षेत्र के निवासी उस व्यक्ति को पकड़ कर संतोष समेत उसके घरवालों ने कोतवाली पुलिस के हवाले भी कर दिया था। संतोष की माने तो पुलिस ने पूछताछ करने के बजाय आरोपी को छोड़ दिया। उसने आरोपी को छोड़ देने में एक दरोगा की भूमिका पर भी सवाल उठाया है। बताया कि पुलिस गहनता से पूछताछ करती तो उसका ई-रिक्शा बरामद हो जाता।