फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कुंवरगांव इलाके में बर्फ सप्लायर की सूजा घोंपकर हत्या

Thu, 24 May 2018 01:27 AM IST
न्यूज डेस्क,अमर उजाला,बदायूं
विज्ञापन
विज्ञापन
बर्फ की आधी सिल्ली को लेकर हुई कहासुनी पर दबंग दुकानदार ने साथी की मदद से सीने में सूजा घोंपकर बर्फ सप्लायर युवक की हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण कासिमपुर गांव में तनाव की स्थिति बन गई। लोग इकट्ठे होकर सड़क पर आ गए और कातिलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही एसपी सिटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात काबू में किए। सुरक्षा के लिहाज से गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया है।
विज्ञापन

करीब 38 वर्षीय रघुवीर सिंह उर्फ पुष्पेंद्र पुत्र सोहनलाल मूलरूप से बरेली जिले के आंवला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम राजपुर खुर्द के निवासी थे। वह करीब 12 साल से अपने परिवार के साथ शिवपुरम गली नंबर दो में किराए पर रह रहे थे। वह दूध के साथ बर्फ का व्यापार करते थे। सुबह के समय क्षेत्र से दूध लाकर सालारपुर स्थित दुग्ध डेयरी पर पहुंचाते थे। फिर डेयरी परिसर में लगे प्लांट से बर्फ खरीदकर कुंवरगांव क्षेत्र में फुटकर दुकानदारों को बेचते थे।
रोज की तरह पुष्पेंद्र बुधवार सुबह करीब आठ बजे पिकअप गाड़ी में बर्फ और दूूध के खाली कैंटर लादकर कासिमपुर पहुंचे थे। उन्होंने गांव में मस्जिद के पास अपनी गाड़ी रोक ली। तभी गांव के दबंग भूरा और निसार उनसे बर्फ लेने पहुंचे। भूरा ने उनसे बर्फ की आधी सिल्ली मांगी। भूरा पर पहले से दो सिल्ली बर्फ के रुपये आ रहे थे। पुष्पेंद्र ने उससे पुराना हिसाब चुकाने को कहा। इस बात पर दोनों में गालीगलौज हो गई। तभी भूरा ने पुष्पेंद्र के सीने पर बर्फ तोड़ने वाले सूजे से लगातार कई प्रहार कर दिए। जिससे पुष्पेंद्र की मौके पर मौत हो गई। इसके बाद आरोपी भूरा और निसार मौके से फरार हो गए। हत्या की सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। कुछ लोगों ने तुरंत यूपी 100 पुलिस को सूचना दी। जिस पर पुलिस वहां पहुंच गई और पुष्पेंद्र के शव को जिला अस्पताल ले गई। उधर, घटना की जानकारी होते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी सुमन, बेटा अभिषेक और मन्नू रोते-बिलखते जिला अस्पताल पहुंच गए। उसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों के हवाले कर दिया। थाना पुलिस ने सुमन की तहरीर पर भूरा और निसार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी सिटी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों से बात की। उन्होंने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन

इंसेट---
एक सप्ताह में दूसरी हत्या
-कुंवरगांव थाना क्षेत्र में एक सप्ताह के अंदर हत्या का यह दूसरा मामला है। इससे पहले 17 मई को मोनू नाम के कार चालक की गला दबाकर हत्या हुई थी। उसके शव को कैली और हसनपुर के बीच खेत में फेंक दिया गया था। थाना पुलिस अभी कार चालक के हत्यारों को नहीं पकड़ पाई थी कि तब तक बर्फ व्यापारी की हत्या कर दी गई। ऐसे में थाना पुलिस की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आ गई है।
इंसेट---
झगड़ालू प्रवृत्ति के है हत्यारोपी भूरा-निसार
ग्राम कासिमपुर निवासी भूरा गांव में खोखा लगाकर बर्फ बेचता है। निसार बर्फ की ठेली लगाता है। दोनों अक्सर पुष्पेंद्र से बर्फ खरीदते थे। गांव के लोगों की मानें तो भूरा और निसार झगड़ालू प्रवृत्ति के हैं। दोनों छोटी छोटी बातों पर लोगों से गालीगलौज कर देते हैं। मारपीट करने में भी पीछे नहीं रहते।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें