बदायूं। विद्यावती स्कूल में फर्जी पोलिंग की शिकायत पर पहुंचे सांसद धर्मेंद्र यादव के प्रतिनिधि अवधेश यादव और अन्य सपा नेताओं को भाजपा की युवा टीम ने दौड़ा लिया। उनसे अभद्रता की गई और धक्का-मुक्की की। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बना है। पूर्व विधायक रामसेवक सिंह की कोठी के पास विद्यावती वैदिक कन्या इंटर कॉलेज में सात बूथों पर वोट डाले जा रहे थे। भाजपा के महामंत्री शारदेंदु पाठक, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अंकित मौर्या, शरद भारद्वाज, पारस गुप्ता और भाजपा प्रत्याशी दीपमाला गोयल के पुत्र अमन गोयल यहां पर थे। सपा के किसी एजेंट ने सांसद प्रतिनिधि अवधेश यादव को फोन पर सूचना दी कि यहां गलत तरीके से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में वोट डाले जा रहे थे। आपत्ति यह भी थी कि शारदेंदु का यहां वोट नहीं है, पर वह वोट डाल रहे हैं। इस पर करीब डेढ़ बजे अवधेश यादव, सपा के बदायूं विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष ओमवीर यादव आदि नेता मतदान केंद्र पर पहुंच गए। काफी लंबा फील्ड पार करके नेता वहां पहुंचे और बूथ में जाकर भाजपा नेताओं से नाराजगी जताई। थोड़ी ही देर की बहस के बाद मामला गरमा गया। आमतौर पर सौम्य दिखने वाले भाजपाई गुस्से से भर गए और सांसद प्रतिनिधि अवधेश यादव से धक्का-मुक्की की। अवधेश को शायद इस व्यवहार की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने और ओमवीर यादव ने इन्हें समझाने की कोशिश की पर वह नहीं माने। भाजपा की यह युवा टीम सपा नेताओं को गेट तक लाई और बाहर करके गेट लगा लिया। भाजपा नेता कह रहे थे कि बूथ कैप्चरिंग जैसे काम सपा वाले करते हैं, भाजपा में यह नहीं होता। यहां फिजूल में धौंस मत जमाओ। इसके बाद सपा नेता तेजी से निकल लिए। बाउंड्री के बाहर खड़े लोगों ने इस घटनाक्रम की वीडियो बना ली। इस प्रकरण में शारदेंदु पाठक का कहना था कि किसी से अभद्रता नहीं की गई। कुछ गलतफहमी थी, जिसे दूर कर दिया गया। वहीं सपा के मीडिया प्रभारी प्रभात अग्रवाल का कहना था कि अवधेश यादव काफी उम्रदराज और अनुभवी नेता हैं। भाजपाइयों की इस हरकत से उनकी हताशा का पता चल रहा है। हमारी पार्टी जिले में कई सीटें जीत रही है।