अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। पुलिस ने सोमवार शाम मुठभेड़ के बाद एक लुटेरे को दबोच लिया। कोर्ट के आदेश पर मंगलवार को उसे जेल भेज दिया गया।
एसपी सिटी कमल किशोर ने बताया कि सोमवार शाम बिनावर थाना क्षेत्र के घटपुरी स्टेशन मोड़ पर बदमाश होने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर जाकर घेराबंदी की तो बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बदमाश को दबोच लिया। पकड़ा जाने वाला उसैत गांव निवासी कल्लू पुत्र इब्ले हसन है। उसके पास 315 बोर तमंचा बरामद हुआ। एसपी सिटी ने बताया कि कल्लू के खिलाफ बिनावर और कुंवारगांव थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं। उस पर एसएसपी ने पांच हजार का ईनाम घोषित कर रखा था। पूछताछ के दौरान पुलिस को कल्लू ने बताया कि उसने चार मई 2017 को सर्राफ सोनू से सोने के जेवरों समेत थैला लूटा था। दो अगस्त को कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव गुरूइया मार्ग पर एक महिला को लूटा था।