बदायूं। फेसबुक पर शिक्षिका का प्रोफाइल फोटो लगाकर युवक उसे ब्लैकमेल कर परेशान कर रहा है। शिक्षिका ने पुलिस ऑफिस में शिकायत की है।
दातागंज क्षेत्र की रहने वाली शिक्षिका एक प्राथमिक विद्यालय में पढ़ाती है। आरोप है कि उझानी क्षेत्र का रहने वाला युवक शिक्षिका की फेसबुक आईडी से उसके प्रोफाइल फोटो चुराकर अपनी फेसबुक प्रोफाइल पर अपलोड कर उसे ब्लैकमेल कर रहा है। आरोपी ने सोशल मीडिया पर कई फोटो पोस्ट किए है जिस पर अश्लील कमेंट लिखे है। शिक्षिका के काफी समझाने के बाद भी आरोपी हरकतों से बाज नहीं आया। शिक्षिका ने पूरे मामले की शिकायत सोमवार को एसएसपी से की है। इस प्रकरण की जांच सीओ दातागंज को सौंपी गई है। शिक्षिका ने यह भी बताया कि इससे पहले सात जून को दातागंज थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी गई थी।