मेटाडोर में मिलीं चोरी की 10 बाइक, दो युवक गिरफ्तार
उझानी (बदायूं)। छतुइया रेल फाटक के पास पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने चोरी की बाइक की एक बड़ी खेप बरामद कर ली। मेटाडोर में लदी चोरी की 10 बाइक को कटवाने के लिए निकले युवकों को पुलिस ने पकड़ा, लेकिन चालक मौका पाकर फरार हो गया। पकड़े गए युवकों में एक फर्रुखाबाद का है।
पुलिस के मुताबिक क्राइम ब्रांच की टीम और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से एक अभियान के तहत वाहनों की चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान पुलिस ने मेटाडोर को रोका तो चालक उसे साइड में खड़ी करके भाग गया। पुलिस ने मेटाडोर में अंदर झांका तो बाइक दिखीं। यह देख पुलिस ने मेटाडोर सवार दो युवकों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान उन्होंने खुद को रामजी निवासी ग्राम अहबरननगला थाना कंपिल जिला फर्रुखाबाद और दूसरे ने अपना नाम अमित बताया। अमित अलापुर थाना क्षेत्र के गांव कोठा का निवासी है। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को यह भी बताया कि ये बाइक उन्होंने कई जिलों से चोरी की हैं। बाइक को कटवाने के लिए वह मेटाडोर से दिल्ली को निकले थे। मेटाडोर का फरार चालक नन्हे कासगंज जिले में सहावर क्षेत्र के गांव दमपुरा का निवासी है। अमित और रामजी से जिला मुख्यालय पर एसएसपी अशोक कुमार ने भी पूछताछ की। बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार के अलावा दरोगा शिवेंद्र भदोरिया, रामऔतार, सुभाष यादव समेत क्राइम ब्रांच के पुलिस कर्मी शामिल थे।