शिक्षामित्र की पत्नी ने शिक्षक दंपति के खिलाफ लिखाई रिपोर्ट
शिक्षामित्र की मौत का मामला गर्माया, शिक्षिका के पति की तहरीर पर भी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। शिक्षामित्र सुरेंद्र की मौत के मामले में पुलिस ने दो मुकदमे दर्ज किए हैं। इनमें एक रिपोर्ट शिक्षामित्र की पत्नी सुनीता ने धारा 302 में दर्ज कराई है। इसमें शिक्षिका और उसके पति को नामजद किया गया है। दूसरी रिपोर्ट शिक्षिका के पति ने जानलेवा हमले और आत्महत्या करने की लिखाई है, जिसमें शिक्षामित्र को नामजद किया गया है। पुलिस छानबीन कर रही है। शुक्रवार को उसहैत थाना क्षेत्र के ग्राम गौरामई पुलिया के पास शिक्षामित्र सुरेंद्र की सिर में गोली लगने से मौत हो गई थी। वहीं प्राथमिक स्कूल की शिक्षिका के पति के हाथ में गोली लगी थी, जिससे वह घायल हो गया था। पुलिस के मुताबिक शिक्षामित्र और शिक्षिका के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। शिक्षामित्र के परिवार वाले शिक्षिका और उसके पति पर हत्या का आरोप लगा रहे थे। जबकि पुलिस शिक्षामित्र के आत्महत्या करने की बात कह रही थी। इससे गुस्साए परिवार वालों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिला अस्पताल में हंगामा किया था। कहीं तब जाकर शिक्षामित्र सुरेंद्र की पत्नी सुनीता की तहरीर पर उसहैत थाने में शिक्षिका व उसके पति समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। सुनीता की लिखाई रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार को सुरेंद्र स्कूल से लौट रहे थे। तभी उन्हें रास्ते में शिक्षिका तथा उसके पति ने रोक लिया और गोली मारकर हत्या कर दी।
इसी मामले में दूसरी रिपोर्ट शिक्षिका के पति ने लिखाई है, जिसमें मृतक सुरेंद्र को नामजद किया गया है। दूसरी रिपोर्ट के मुताबिक वादी अपनी पत्नी के साथ स्कूल से लौट रहा था। तभी उन्हें शिक्षामित्र ने आगे गाड़ी लगाकर रोक लिया और उसकी पत्नी को जबरन अपनी कार में बैठाने लगा। उसके विरोध करने पर सुरेंद्र ने गोली मार दी। इसके बाद सुरेंद्र ने कुछ दूर जाकर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
---------------
कनपटी पर सटाकर मारी थी गोली शनिवार सुबह सुरेंद्र का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार शिक्षामित्र की दाईं कनपटी पर गोली लगी थी, जो सटाकर चलाई गई थी। गोली भेजा उड़ाते हुए बाईं ओर निकल गई। मगर इससे यह स्पष्ट नहीं हो सका कि शिक्षामित्र ने खुद गोली चलाई या किसी और ने मारी थी।
---------------
दस दिन पहले महिला थाने में हुआ था समझौता
शिक्षामित्र की मौत से करीब दस दिन पहले उसकी पत्नी सुनीता ने महिला थाने में तहरीर दी। आरोप था कि उसका पति सुरेंद्र उसकी नहीं सुनता है। वह शिक्षिका के साथ अधिक समय बिताता है। इससे परिवार में क्लेश हो रहा है। इस संबंध में दोनों पक्षों के लोगों को थाने बुलाया गया था। बातचीत हुई तो मामला सुलझ गया। फिर सुनीता ने ही पुलिस को फैसलानामा लिखकर दे दिया।
वर्जन-
शिक्षामित्र मामले में दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चूंकि मामला पेचीदा है, इसलिए बगैर जांच के कोई कदम नहीं उठाया जा सकता। पहले मामले की जांच होगी, उसके बाद ही कार्रवाई आगे बढ़ेगी। घटनास्थल पर कुछ सुबूत भी मिले हैं।
-भूषण वर्मा, सीओ उझानी