दातागंज। यूं तो कटरी में कल्लू समेत कई डकैतों ने समानान्तर सरकार चलाई। यह लोग तो पुलिस की गोलियों का शिकार हो गए लेकिन जो स्थानीय दबंग हैं उन पर प्रशासन का कोई प्रभाव नहीं है। यह आज भी कटरी की जमीनों पर बेधड़क कब्जे जमाए हुए हैं। अकेले ग्राम पंचायत नगरिया खनू के साठ बड़े काश्तकारों की दो हजार बीघा से अधिक जमीन पर एक दशक से भी ज्यादा समय से ये लोग कब्जा जमाए हुए हैं। ग्राम समाज और पट्टेदारों की जमीन भी इन्हीं दबंगों के कब्जे में है।
भू-स्वामी अधिकारियों के चक्कर लगा-लगाकर मायूस हो चुके हैं और अब उनकी कोई नहीं सुनेगा यह सोचकर खामोश होकर बैठ गए हैं। नगरिया खनू के ज्ञानदीप, धर्मपाल, प्रेमपाल, ऋषिपाल, राजपाल, रमेश, रामपाल, शांतिदेवी, अरविंद, राजेंद्र, रामसिंह, विकेस, राजपालसिंह, धर्मपाल सिंह, रमेश चंद्र, दुर्गपाल, सोहनपाल आदि 60 किसानों की जमीनें जिनका रकबा दो हजार बीघे से अधिक है। उस पर दबंग एक दशक से अधिक समय से कब्जा किए हुए हैं। हाल यह है कि भू-स्वामी अपने ही खेत की मेड़ पर जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाते हैं। ज्ञानदीप सक्सेना और धर्मपाल सिंह ने बताया कि वे लोग सारे प्रमाण लेकर अधिकारियों के यहां पिछले दस साल से चक्कर लगा रहे हैं। वर्ष 2010 में पैमाइश के लिए तत्कालीन डीएम के निर्देश पर एक टीम गठित की गई।
टीम मौके पर तो गई लेकिन पैमाइश नहीं की गई। इसके बाद अनेक बार कागजों में टीमें बनती रहीं किंतु पैमाइश आज तक नहीं हुई। अब तो उम्मीद भी टूटती जा रही है कि पूर्वजों की छोड़ी गई जमीन उन्हें मिल पाएगी।
--
पट्टेदार भी अपनी जमीन तलाशते-तलाशते थक चुके
दातागंज। गांव नगरिया खनू के पट्टेदार खेमकरन, होशियार, सतेंद्र, होरी, सामल, दौदे, सोहनपाल, मायादेवी, टीकाराम आदि किसान ऐसे हैं जिन्हें सरकार ने जीविकोपार्जन के लिए जमीन के पट्टे तो दे दिए, लेकिन उन पर कब्जा दबंगों का है। ग्राम प्रधान श्रीकृष्ण सिंह के मुताबिक 250 बीघा जमीन ग्राम पंचायत की भी दबंग जोते हुए हैं।
--
जंगली जानवरों से ज्यादा परेशान हैं किसान
दातागंज। प्रधान श्रीकृष्ण ने बताया कि कटरी में सबसे अधिक किसान जंगली जानवरों से परेशान हैं। उन्होंने प्रस्ताव रखा कि ग्राम पंचायत की जमीन दबंगों से मुक्त कराकर 50 बीघा जमीन तार की बाड़ बनवा दी जाए और उसमें जंगली जानवरों को बंद कर दिया जाए। बाकी बची ग्राम पंचायत की जमीन से पशुओं के चारे और इनकी देखरेख का इंतजाम आसानी से हो सकता है।
--
कई दफा भू-स्वामियों को दौड़ा चुके हैं दबंग
दातागंज। अनेक बार भू-स्वामी अपनी जमीन पर कब्जा लेने को पहुंचे तो दबंगों ने उन्हें दौड़ा दिया। कई बार फायरिंग भी की। जान बचाकर यह भू-स्वामी दबे पांव लौट आए। दबंगों के आगे वह पूरी तरह बेबस हैं।
--
...कहां है एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स
दातागंज। योगी सरकार ने शपथ लेते ही प्रदेश भर के अधिकारियों को जमीनों से कब्जा हटवाकर वास्तविक लोगों को उनकी जमीन दिलाने के कड़े निर्देश जारी किए थे। इसके लिए एंटी भू-माफिया टास्क का भी गठन किया गया था। सीएम के इस आदेश के बाद भी प्रशासन ने इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की। --
मेरे संज्ञान में मामला नहीं था। मैं इसे गंभीरता से देखूंगा। शासन की मंशा अनुरूप दबंगों से जमीन खाली कराकर असली भू-स्वामी का कब्जा कराया जाएगा।
-दिनेश कुमार सिंह, एसडीएम दातागंज