बिसौली (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खजुरिया में बुधवार रात करीब आधा दर्जन कच्छा बनियानधारी बदमाशों ने धावा बोल दिया। एक एक करके दो परिवार वालों को असलहों के बल पर बंधक बना लिया और नकदी समेत सोने-चांदी के आभूषण लूट ले गए। इससे गांव वाले दहशत में हैं, वहीं पुलिस ने चोरी में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव खजुरिया के निसार अली रोडवेज बस के परिचालक है। बुधवार रात वह ड्यूटी पर मुरादाबाद गए थे। घर पर उनकी पत्नी रूबी और बहन जरीफन थी। परिवार वालों के मुताबिक मध्यरात्रि के समय करीब पांच-छह बदमाश कच्छा बनियान पहने हुए हाथ में असलहे लेकर उनके घर में घुस आए और उन्होंने चारपाई पर सो रही रूबी की कनपटी पर तमंचा लगा दिया। दोनों ननद-भाभी को बंधक बना लिया। शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी। उसके बाद घर में लूटपाट शुरू कर दी। बदमाशों ने रूबी के गले से सोने की चेन, कुंडल लूट लिए। कमरे की चाबी नहीं देने पर पिटाई भी लगाई। कमरे में रखा हार, मांगपट्टी, झाले, पाजेब और 5500 रुपये लूट लिए। उसके बाद बदमाश दोनों को कमरे में बंद करके चले गए। इसके बाद बदमाश उनके पड़ोस में जरीफ सैफी के घर में घुस गए। जरीफ को छत पर बांधकर डाल दिया और जीने से होकर नीचे उतर आए। बदमाशों ने जरीफ सैफी की पत्नी रफीकन और उसके बच्चों को बंधक बना लिया। बदमाश उनके घर से कुंडल आदि जेवर समेत 20 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
इन्हीं बदमाशों ने दिसौलीगंज निवासी धीरेंद्र सिंह के घर में घुसने का प्रयास किया लेकिन उस वक्त परिवार वाले जाग रहे थे। इससे बदमाश उनके घर में नहीं घुस सके। तब तक उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। लूटपाट के शिकार परिवार वालों ने पुलिस को तहरीर दी है लेकिन पुलिस ने दोनों मामले चोरी में दर्ज कर लिए हैं। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
लूटपाट की बात सामने नहीं आई है। दोनों घरों में चोरी हुई है, जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कराई जा रही है, उसके बाद ही कोई कार्रवाई होगी।
- जसवीर सिंह, इंस्पेक्टर बिसौली