फोटो- 05 बीडीएनयूजेएचपीएच-01
उझानी के दो घरों
में चोरी से सनसनी
नकदी और सामान समेट कर ले गए, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गृहस्वामियों से की बात
अमर उजाला ब्यूरो
उझानी (बदायूं)। पिछले कई दिनों से सक्रिय चोरों ने सोमवार रात फिर दो घरों को निशाने पर ले लिया। कृष्णा कॉलोनी में सर्वयूपी ग्रामीण बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र और अयोध्यागंज मोहल्ले में एक और व्यक्ति के घर में घुसकर चोर जेवरात और नकदी समेट ले गए। गृहस्वामियों को चोरी की भनक मंगलवार सुबह जाग होने पर लगी। गृहस्वामियों की सूचना के बाद पुलिस ने दोनों स्थानों पर मौका मुआयना भी किया। घरवालों से घटना के बारे में जानकारी भी की। गद्दी टोला मोहल्ले की कृष्णा कॉलोनी निवासी रामनिवास के घर में छत के रास्ते से चोर घुस आए। उस समय परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। घर में रामनिवास का छोटा भाई अनिल कुमार सर्वयूपी ग्रामीण बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र चलाता है। चोर रामनिवास का पर्स, दो सेलफोन और ग्राहक सेवा केंद्र के कमरे में रखे 35 हजार रुपये ले गए। सुबह रामनिवास को सेलफोन नजर नहीं आए तो कमरा देखा। कमरे से रुपये गायब थे। चोरों ने पड़ोसी मोहल्ला अयोध्यागंज निवासी सुमित गुप्ता के घर से 15 हजार रुपया नकद, सोने के जेवरात में मंगलसूत्र, दो अंगूठी को निकाल लिया। सुमित और उसके घरवालों को सुबह इस संबंध में भनक लगी। सूचना के बाद दरोगा शिवेंद्र भदौरिया भी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना को लेकर गृहस्वामियों समेत उनके घरवालों से बात की। दोनों गृहस्वामियों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर भी सौंप दी है लेकिन शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी।
----------
पहले एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र में हुई थी लूट
उझानी। पिछले महीना गोशाला के पास बदमाशों ने भारतीय स्टेट बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र संचालक अनेकपाल के घर में लाखों रुपये की लूट की थी। पुलिस दो बदमाशों को दबोच कर पिछले दिनों घटना का वर्कआउट भी कर चुकी है लेकिन एक बार फिर ग्राहक सेवा केंद्र संचालक के घर में चोरी की घटना ने वर्कआउट की असलियत पर सवाल खड़ा कर दिया है। इससे पहले अहीरटोला मोहल्ले में भी चोरी हो चुकी है।