फोटो- 09 बीडीएनयूजेएचपीएच-01
महिला का कार्ड बदला और एटीएम से निकाले 35 हजार
रुपये निकालने के लिए युवक का सहयोग लेना महंगा पड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
उझानी (बदायूं)।
अपने खाते से यूनियन बैंक के एटीएम से रुपये निकालने के लिए पहुंची महिला को एक युवक ने धोखाधड़ी का शिकार बना लिया। युवक ने उसकी मदद करते हुए सात हजार रुपये तो निकाल कर थमा दिए लेकिन जाते समय उसका कार्ड बदल दिया। बाद में उसने चार बार में करीब 35 हजार रुपये निकाल लिए।
धोखाधड़ी का मामला बुधवार दोपहर का है। मोहल्ला नझियाई निवासी शाजिया बेगम पत्नी अनवर का खाता यूनियन बैंक में है। पति दिल्ली में रहता है। वह अपने खाते से रुपये निकालने के लिए यूनियन बैंक के ही एटीएम केबिन में पहुंची तो वहां दो युवक पहले से थे। एक युवक तो बाहर निकल गया लेकिन दूसरे ने रुपये निकालने में उसकी मदद की। उसने सात हजार रुपये भी निकालकर शाजिया को थमा दिए। इस बीच, शाजिया को उसने कार्ड बदल कर कब दूसरा पकड़ा दिया, यह उसे तब पता लगा जब उसके खाते से रुपये निकलने के एक-एक करके पांच मैसेज पहुंचे। पहला मैसेज सात हजार रुपये का था। इसके बाद क्रमश: 10 हजार, आठ हजार, 11,500 और 5250 रुपये के मैसेज उसके पास आए।
इसके बाद शाजिया परिवार की महिलाओं के साथ बैंक पहुंची। बैंक में उसने पूरे घटनाक्रम की जानकारी भी दी। बैंक मैनेजर ने उसके खाते को चेक किया तो पता लगा कि अंतिम दो बार की धनराशि एक फिलिंग स्टेशन से क्रेडिट की गई है। शाजिया ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। उसने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर भी सौंप दी है। पुलिस भी सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद युवक की तलाश में जुट गई है। बता दें कि इससे पहले फौजी भानुप्रताप की पत्नी प्रियंका को भी इसी अंदाज में 39 हजार रुपये का चूना लगा दिया गया था। प्रियंका के कार्ड से चंदौसी में रुपये निकाले गए थे।