बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के कस्बा शेखूपुर निवासी वहीद अहमद सैफी गुरुवार सुबह गेहूं काटने अपने खेत पर गए थे। सुबह करीब दस बजे पत्नी फरदीन उन्हें खाना देने खेत पर पहुंची। करीब एक घंटे बाद वह लौटकर आई, तब तक चोरों ने उसके दो मंजिला घर के ताले तोड़ लिए। घर में रखा सारा सामान इधर-उधर फैला पड़ा मिला। वहीद ने बताया कि चोर उसके घर से अलमारी और बक्से में रखे गहने सोने की चेन, पैंडल, हार, झुमकी और करीब बीस हजार रुपये नकद चोरी करके ले गए। इधर, चोरों ने दूसरी घटना को वार्ड नंबर दो में अंजाम दिया। मोहल्ला निवासी शकील ने बताया कि वह अपने परिवार वालों के साथ दूसरे घर में गया था। इसी बात का फायदा उठाकर चोर उसके घर में ताला तोड़कर घुस गए। उसके बाद घर से दस हजार की नकदी और चांदी के आभूषण समेत बर्तन कपड़े चोरी करके ले गए। इधर दोनों घटनाओं से आसपड़ोस में रहने वाले लोगों में असुरक्षा की भावना है। दोनों लोगों ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी है।