उझानी (बदायूं)। बरेली-मथुरा हाईवे पर बस की टक्कर लगने से बाइक सवार पिता की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक बस को लेकर फरार हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मिहौना निवासी मंगली शाह (50) अपने पुत्र इसरार अहमद (24) के साथ बुधवार की सुबह करीब आठ बजे बाइक से गैस सिलेंडर लेने गनगौरा के पास स्थित एजेंसी पर जा रहे थे। इसी बीच पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक को रौंद दिया। मंगली शाह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इसरार गंभीर रूप से घायल हो गया। खबर मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। जिन्होंने हादसे की खबर कोतवाली पुलिस को दी। कुछ ही देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बताया गया कि चालक रोडवेज बस को लेकर तुरंत ही वहां से भाग गया। पुलिस ने घायल इसरार अहमद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने बताया कि बस का पता लगाया जा रहा है। इधर, मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है।