उझानी (बदायूं)। बरेली-मथुरा हाईवे पर केला लदी ट्रॉली गुरुवार रात में गुल्ला टूटने के बाद पलटकर सड़क किनारे खंदी में गिर गई। चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों में हेल्पर और एक सवारी को तो इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा दिया गया लेकिन चालक माल की देखरेख के लिए मौके पर ही रुक गया। उसी दौरान बाइक सवार तीन युवक पहुंचे। उन्होंने केला लूटने का विरोध करने पर घायल चालक से हाथापाई की। हादसा रात करीब 11 बजे बाईपास पर हुआ। आगरा से पूरनपुर, पीलीभीत जा रही केलों से भरी ट्रॉली जैसे ही बाईपास पर पहुंची, उसका गुल्ला टूट गया। हाथरस जिले के सदाबाद के गांव थलूगढ़ी निवासी आनंद मोहन (35) नियंत्रण खो बैठा और ट्राली पलटकर सड़क किनारे खंदी में गिर गया। चालक और हेल्पर कुंवरपाल (52) समेत एक सवारी भी उसके अंदर फंस गई। दूसरे वाहन सवार लोगों ने उन्हें बाहर निकाला। हेल्पर और सवारी के सिर में खून बहता देख राहगीरों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घायल चालक मौके पर ही रुक गया। उसी दौरान बाइक सवार तीन युवक पहुंचे और उन्होंने ट्रॉली से केला लूटने की कोशिश की। चालक ने विरोध किया तो उससे हाथापाई की गई। चालक ने यूपी 100 पर कॉल कर पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने युवकों समेत चालक को हिरासत में ले लिया। घायल चालक का कहना है कि पुलिस ने उसे बेमतलब सुबह तक हिरासत में रखा।