पुलिस मुठभेड़ में इनामी
बदमाश को लगी गोली
अपहरण, लूट, छिनैती के मामलों में था वांछित, एक बदमाश फरार अमर उजाला ब्यूरो
कादरचौक (बदायूं)। थाना क्षेत्र के सुंदरायन वन में शुक्रवार को दिनदहाड़े पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक इनामी बदमाश को पैर में गोली लगी है। वहीं दूसरा बदमाश मौके से फरार होने में सफल रहा। घायल बदमाश कई मामलों में वांछित था। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
गिरफ्तार बदमाश इरशाद पुत्र दीन मोहम्मद 10 हजार का इनामी है। वह कादरचौक थाना क्षेत्र के ग्राम कादरबाड़ी का रहने वाला है। उसके खिलाफ अपहरण के 11, लूट, छिनैती और हत्या समेत कई मामले दर्ज हैं। करीब छह साल पूर्व न्याजीनगला निवासी अवरार की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई थी। जिसमें इरशाद शामिल रहा था। कुछ दिन पहले इसी बदमाश ने छह भैंसे चोरी की थीं। तभी से इरशाद फरार चल रहा था और थाना पुलिस उसकी तलाश में थी। शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे इंस्पेक्टर कादरचौक सत्यप्रकाश सिंह को सूचना मिली कि इरशाद सुंदरायन वन में अपने साथी अजीव पुत्र वलाउद्दीन के साथ कुछ योजना बना रहे हैं। इंस्पेक्टर ने अपनी टीम के साथ दोनों बदमाशों की घेराबंदी कर दी। दूसरी ओर से एसआई रामकुमार ने घेराबंदी की। इस पर दोनों बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग कर दी। इस दौरान पुलिस की गोली इरशाद के पैर को चीरती हुई निकल गई। इससे बदमाश वहीं लड़खड़ाकर गिर गया लेकिन अजीव मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तुरंत बदमाश को गिरफ्तार कर लिया और उसे जिला अस्पताल भेज दिया। बदमाश का पुलिस अभिरक्षा में इलाज चल रहा है। बदमाश को गिरफ्तार करने में सिपाही इजहार, अजीत, कुलदीप, रामरूप, नंदकिशोर का भी सहयोग रहा।