वसूली टीम पर ग्रामीणों ने
किया पथराव, रिपोर्ट दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
उघैती। बैंक कर्ज की वसूली करने गई टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इससे वसूली टीम को मौके से जान बचाकर भागना पड़ा। अमीन की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
उघैती थाना क्षेत्र के बढ़ौती सागरपुर निवासी देवेंद्र पुत्र लटूरी ने भूमि विकास बैंक से कर्ज लिया था। किस्त जमा न करने पर उसकी आरसी काट दी गई थी। गुरुवार को अमीन वीर सिंह टीम के साथ वसूली के लिए देवेंद्र के घर जा धमके। टीम को देवेंद्र घर पर मिल गया। आरोप है कि कर्ज जमा करने को कहने पर देवेंद्र ने गाली गलौज शुरू कर दी। उन्होंने देवेंद्र को साथ ले जाने की कोशिश की तो उसके घरवालों ने टीम के ऊपर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इससे उनकी गाड़ी का शीशा टूट गया। वसूली टीम किसी तरह जान बचाकर मौके से भागी। टीम में तहसील कर्मचारियों के साथ बैंक के फील्ड आफीसर भी थे। अमीन की तहरीर के आधार पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर ली, जिसमें देवेंद्र को नामजद किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के घर दबिश दी, लेकिन कोई मिला नहीं।
--------------------
रंगेहाथ पकड़ा चोर
उघैती। रतनपुर गांव में बुधवार रात आदर्श के घर में घुसे चोर ट्रैक्टर की बैटरी ले गए। आहट सुनकर जागे घरवालों ने एक चोर को दबोच लिया। पीटने के बाद उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया।