आसफपुर/ओरछी (बदायूं)। तेरह दिन पहले चंदोसी के दो पशु व्यापारी भाइयों से बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में हुई लूट का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने रामपुर जिले के एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार करके केस का खुलासा किया है। उसके साथी मुरादाबाद जिले के दो हिस्ट्रीशीटर अभी फरार हैं। पुलिस ने पकड़े गए बदमाश से लूट की रकम में से करीब 25 हजार रुपये भी बरामद दिखाए हैं।
थाना फैजगंज बेहटा में बिसौली सीओ मुन्नालाल ने पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। बदमाश को कोर्ट ने जेल भेज दिया है।
13 दिसंबर को चंदौसी के पशु व्यापारी इकराम और इमरान पुत्र मोहम्मद इस्लाम थाना फैजगंज बेहटा के ग्राम दूंदपुर के नखासे में बाइक से पशु खरीदने जा रहे थे। आसफपुर-चंदौसी मुख्य मार्ग पर सिसरका के पास घने कोहरे में एक ईट भट्ठे के नजदीक पल्सर सवार तीन सशस्त्र बदमाशों ने ओवरटेक करके इनसे बैग छीन लिया था और उसमें रखे 2.65 लाख रुपये लूटकर भाग निकले थे। इसकी थाना फैजगंज बेहटा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। दिनदहाड़े हुई लाखों की लूट से हड़कंप मच गया था। एसपी देहात ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर थाना पुलिस को एक सप्ताह में घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद बदमाशों को पकड़ने को तीन टीमें गठित की गई थीं। अधिकारियों की लगातार फटकार के बाद पुलिस ने कौसर पुत्र कल्लू निवासी बड़ागांव थाना शाहबाद जिला रामपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दावा किया कि लूट में शामिल कौशर को मुखबिर की सूचना पर सोमवार सुबह क्षेत्र के मन्नूनगर चौराहे से पकड़ा गया, तब वह कहीं जाने की फिराक में था। एसओ आकाश कुमार और उनकी टीम ने पकड़े गए बदमाश से एक तमंचा, छह कारतूस तथा 25 हजार 300 रुपये बरामदगी का दावा किया। बिसौली सीओ मुन्नालाल ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी हिस्ट्रीशीटर है। उस पर रामपुर और मुरादाबाद में लूट-डकैती जैसे तीन दर्जन से भी ज्यादा केस दर्ज हैं। उन्होंने दावा किया कि लूट में शामिल अन्य दो बदमाशों को भी जल्दी पकड़कर जेल भेजा जाएगा।
----
12-12 हजार के इनामी हैं फरार बदमाश
ओरछी। पकड़े गए लुटेरे कौसर ने अपने दो साथियों अकबर और उस्मान उर्फ इकराम के नाम भी पुलिस को बताए। दोनों ही मुरादाबाद जिले के थाना कुंदरकी के अंतर्गत गांव चतुरपुर के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों पर ही बारह-बारह हजार रुपये का इनाम है। दोनों ही हिस्ट्रीशीटर हैं। इन पर लूट-डकैती जैसे करीब दस मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस की टीम इनकी गिरफ्तारी को मुरादाबाद में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।