बदायूं। शहर के बीचों बीच सपा कार्यालय के पीछे गांधीनगर में किराए के मकान में कई साल से अवैध शराब का कारोबार चल रहा था। सीओ सिटी के निर्देशन पर शुक्रवार रात सिविल लाइंस पुलिस ने छापेमारी कर एक आरोपी को बड़ी मात्रा में कच्ची शराब, ब्रांडेड शराब के ढक्कनों, यूरिया, देशी शराब के पाउच के साथ पकड़ लिया। एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा।
शनिवार को सीओ सिटी वीरेंद्र सिंह यादव ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि अवैध शराब के काले कारोबार की सूचना पर बिना कोतवाली पुलिस को सूचना दिए सिविल लाइंस प्रभारी निरीक्षक देवेश सिंह यादव को टीम के साथ गांधी नगर मोहल्ले में छापेमारी के लिए भेजा गया। मुखबिर के बताए मकान पर छापेमारी करते हुए टीम ने ब्राहम्मपुर कुम्हारों वाली में गली से किराए पर रहने वाले मूसाझाग के किसरुआ निवासी जसवीर को पकड़ लिया। कमरे से पुलिस ने 105 लीटर कच्ची शराब, ब्रांडेड कंपनी की शराब के 14,995 ढक्कन, एक किलो यूरिया, 100 खाली देशी पाउच सहित कई लाखों का माल बरामद किया। एक आरोपी मंजूस मौके से फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह चार साल से आसपास के सेल्समैन को ब्रांडेड कंपनी के ढक्कन और होलोग्राम की सप्लाई कर रहा है।
--
...तो सेल्समैन कर रहे हैं धांधली
जसवीर ने पूछताछ में बताया कि प्रतिदिन दर्जनों सेल्समैन उसके पास ढक्कन और होलोग्राम खरीदने आते थे। उसके बाद सेल्सैमन अपनी दुकान पर खाली शराब की बोतलों में अल्कोहल और पानी मिलाकर उसे पैक कर बेच देते थे।