कादरचौक (बदायूं)। थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार दोपहर एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई। उसने तीन लोगों पर गोली मारने का आरोप लगाया है। थाना क्षेत्र के ग्राम ढडूनगला निवासी जुगेंद्र (25) पुत्र मनोहर का आरोप है कि वह सोमवार दोपहर करीब तीन बजे खेत से घर लौट रहा था। तभी रास्ते में उसे गांव के तीन लोगों ने घेर लिया। उन्होंने तमंचे से गोली मार दी। जो उसकी बाजू में जा लगी। इससे वह घायल हो गया। बाद में उसने पुलिस को सूचना दी, जिस पर पहुंची पुलिस ने घायल को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। एसओ विशाल प्रताप सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पहले इस मामले की जांच होगी। तभी कोई रिपोर्ट की जाएगी।