उसावां। चंदौसी से किराए पर मारुति वैन लेकर आए दो अज्ञात लोगों ने ड्राइवर को जंगल में बांधकर डाल दिया और वैन लेकर फरार हो गए। जंगल में ग्रामीणों को वैन का ड्राइवर बंधा हुआ मिला। ग्रामीणों ने ड्राइवर को बंधन मुक्त कराया और थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस के साथ साथ एसपी सिटी व सीओ दातागंज भी मौके पर पहुंच गए।
सोमवार को दो लोग एक वैन को चंदौसी के सीता रोड टैक्सी स्टैंड से किराए पर लेकर आए। वैन पर ड्राइवर परमेश्वरी निवासी ग्राम आसफपुर थाना फैजगंज बेहटा था। शाम को उसावां थाना क्षेत्र के ग्राम बनबौसरी के जंगल में कुछ ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को बंधा हुआ पड़ा देखा। उसके हाथ व पैर बंधे थे। ग्रामीणों ने उसे बंधन मुक्त किया। साथ ही थाना पुलिस को फोन कर जानकारी दी। ग्रामीणों की सूचना पर थानाध्यक्ष राजीव कुमार मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। इसके बाद सीओ दातागंज एसके सिंह, एसओ अलापुर कृष्णगोपाल व एसपी सिटी जितेंद्र श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंच गए। ड्राइवर ने बताया कि दो लोग उसकी मारुति वैन चंदौसी के सीता रोड टैक्सी स्टैंड से उसावां के पास के गांव के लिए किराए पर लेकर आए थे। दिन होने की वजह से नाम पता नही पूछा। उसने बताया कि वैन थाना फैजगंज बेहटा के ग्राम दड़ेला निबासी विनीत की है। पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। एसपी सिटी ने बताया कि घटना के बारे में जांच की जा रही है। पहले पूरी पड़ताल की जाएगी, उसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।