बदायूं। युवक की गोली मारकर हत्या करने के बाद उसके शव को नगला शर्की के जंगज में रेलवे लाइन के किनारे फेंक दिया गया। जानकारी होने पर वहां ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त कराने की कोशिश की मगर पहचान नहीं हो सकी। शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रविवार सुबह लोगों ने बदायूं-दातागंज रोड पर रेलवे ट्रैक पर एक शव पड़ा देेखा। खबर लगते ही वहां ग्रामीण एकत्र होने लगे। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइंस ओपी गौतम भी पहुंच गए। एसपी सिटी जितेंद्र श्रीवास्तव भी सूचना मिलते ही आ गए। युवक की उम्र करीब 30-32 वर्ष की बताई जा रही है। उसके सिर पर कनपटी पर सटाकर गोली मारने का निशान था। गोली एक तरफ से लगकर दूसरी तरफ निकल गई थी। माना जा रहा है कि युवक की गोली मारकर हत्या करने के बाद रेलवे ट्रैक पर इस उद्देश्य से शव को डाला गया था ताकि रेल आने पर शव कट जाए और हादसे का रूप दिया जा सके। पुलिस ने आसपास के लोगों से मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन कोई उसकी शिनाख्त नहीं कर सका। एसपी सिटी ने बारीकी से घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि युवक की हत्या की गई है। कनपटी पर गोली मारी है, उसके बाद लाश को ट्रैक पर डाला गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।