बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में खेड़ा नवादा सागर ताल निवासी दो पक्ष मंगलवार को भी भिड़ गए। बाद में एक पक्ष ने जिला अस्पताल के सामने कार पर पथराव कर उसमें तोड़फोड़ कर दी। इससे अस्पताल के सामने अफरातफरी मच गई।
सागर ताल निवासी सैय्यद मेहंदी हसन निजामी का आरोप है कि सागर ताल की दरगाह के अभिलेखों में उनका नाम खिदमतगार के रूप में दर्ज है। 45 साल से सेवा कर रहे हैं। दूसरे पक्ष के लोग अब उनसे यह हक छीनना चाहते हैं। सोमवार शाम कुछ लोग दरगाह पर घुस आए और ताला तोड़कर सामान चोरी करने का प्रयास किया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की। इसमें उनके पक्ष के लोगों के चोटें भी आईं थीं। इसकी शिकायत पर पुलिस ने मंगलवार शाम उन्हें मेडिकल परीक्षण को जिला अस्पताल भेजा था। उनकी गाड़ी गेट पर पहुंची थी कि तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने कार पर पथराव कर दिया। गाड़ी के शीशे तोड़ डाले। इसके बाद वह गाड़ी को दौड़ा ले गए। उन्होंने इस संबंध में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।