उसावां। हरियाणा ब्रांड की शराब उसावां कस्बे में बनाकर बेची जा रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने शराब बनाने वाले को दबोच लिया। उसके पास हरियाणा ब्रांड की देशी शराब, खाली पौवा आदि सामान मिला। चुनाव आचार संहिता के अनुपालन में उसावां थानाध्यक्ष हरिभान सिंह शनिवार शाम कस्बे में लगी प्रचार सामग्री हटवा रहे थे, तभी उन्हें कस्बे के वार्ड सात में एक व्यक्ति की ओर से हरियाणा ब्रांड की शराब बेचने की सूचना मिली। एसओ ने टीम के साथ घेराबंदी करके एक व्यक्ति को पकड़ लिया। पकड़ा गया ब्रजमोहन उर्फ झंडू है। उसके पास हरियाणा ब्रांड की शराब की 25 बोतल व 229 पौवा, काफी संख्या में खाली पौवा, स्टीकर, 20 लीटर अल्कोहल, 700 शील शोल्डर मार्का और दो किलो 400 ग्राम यूरिया बरामद हुई। उसावां थाने में ब्रजमोहन उर्फ झंडू के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक बरामद शराब नगर निकाय चुनाव में बेचे जाने के लिए बनाई जा रही थी।