जमीन के विवाद में भाई को
खेत पर दौड़ाकर मारी गोली
बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में शहर के नजदीक एक व्यक्ति ने खेत पर काम करने गए सगे भाई को दौड़ाकर उस पर जानलेवा हमला बोल दिया। उसे एक के बाद एक दो गोली मारीं, जिससे वह लड़खड़ाता हुआ खेत से भाग खड़ा हुआ और बाद में गिर गया। यह देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायल को जिला अस्पताल ले गई लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो गया। मीरा सराय निवासी 52 वर्षीय देवेंद्र शर्मा के दो और भाई हैं। देवेंद्र अपने छोटे भाई लल्ला बाबू के साथ रहता है, जबकि मझला भाई महेंद्र शर्मा सिविल लाइंस क्षेत्र के पाल नगर में रहता है। गुरुवार सुबह करीब दस बजे देवेंद्र अपने खेत पर गेहूं की सिंचाई को मेड़ आदि सही कर रहा था। आरोप है कि तभी महेंद्र अपने दो अन्य साथियों के साथ खेत पर पहुंचा। उसने जाते ही देवेंद्र पर हमला बोल दिया। महेंद्र ने तमंचा निकालकर देवेंद्र को गोली मार दी जो उसकी हाथ को चीरती हुई निकल गई। इसके बाद देवेंद्र अपनी जान बचाकर खेत से भाग खड़ा हुआ। महेंद्र भी उसके पीछे भागा और एक गोली और मार दी, जो देवेंद्र की पीठ में जा लगी। इसके बावजूद देवेंद्र दौड़ता हुआ सड़क पर पहुंचकर गिर गया। सड़क से गुजर रहे लोगों ने देवेंद्र को खून से लथपथ देखकर तुरंत यूपी 100 को सूचना दी। यूपी 100 के अलावा सिविल लाइंस थाना पुलिस भी पहुंच गई। घायल को जिला अस्पताल लाया गया। उधर, आरोपी खेत से मौका देखकर फरार हो गए। देवेंद्र का आरोप है कि उसका भाई एक महिला के साथ रहता है। वह लगातार उस पर जमीन बेचने का दबाव बना रहा था। बात नहीं मानी तो उसने अपने साथियों के साथ खेत पर घेरकर गोली मार दी। लल्ला बाबू ने महेंद्र समेत तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। जिला अस्पताल में भर्ती देवेंद्र की हालत नाजुक बताई जा रही है।